गोंदिया. प्रेम संबंध के दौरान युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे चिकित्सकीय मदद दिलाने के बजाय घटनास्थल पर अकेला छोड़कर भागने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मृतक युवती का नाम आमगांव तहसील के धामनगांव निवासी नंदिनी प्रेमसिंह चौव्हाण (21) बतया गया है. वहीं आरोपी का नाम धामनगांव निवासी जागेश्वर उर्फ सोनू हेमराज पटले (29) बताया गया है. यह घटना सावकारटोली बस स्टॉप परिसर में घटित हुई.
जानकारी के अनुसार, नंदिनी व जागेश्वर के बीच प्रेम संबंध थे. घटना के दिन दोनों साथ थे. इसी दौरान नंदिनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसे चक्कर आने लगे और वह वाहन पर बैठने तथा ठीक से बोलने की स्थिति में नहीं थी. हालत गंभीर होने के बावजूद आरोपी ने उसे उपचार दिलाने में मदद नहीं की और कथित रूप से उसे घटनास्थल पर अकेला छोड़कर वहां से चला गया. जांच में यह भी सामने आया कि नंदिनी ने विश्वास के चलते अपना मोबाइल आरोपी के पास रखा था. आरोपी ने मोबाइल अपने पास रखने के बावजूद उसके परिजनों को उसकी बिगड़ती तबीयत की जानकारी देने का प्रयास नहीं किया और घटनास्थल से फरार हो गया. फिर्यादी सहायक पुलिस निरीक्षक वर्षा नैताम की शिकायत पर ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज किया है. जांच सहायक पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र भोसले कर रहे हैं.



