अवैध रेत परिवहन करने वाल 6 आरोपियों को पकड़ा, 5 ब्रास रेत समेत 30.30 लाख का माल जब्त

0
3

गोंदिया. जिले में अवैध रेत परिवहन और बिक्री के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने एक टिप्पर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों समेत कुल 30 लाख 30 हजार रु. का माल जब्त किया. यह कार्रवाई 1 सितंबर को दावनीवाड़ा थाना क्षेत्र के महालगांव घाट परिसर में की गई.
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में एलसीबी की टीम जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ गश्त कर रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि महालगांव घाट स्थित वैनगंगा नदी के पात्र से रेत निकालकर ट्रैक्टर और टिप्पर के जरिए अवैध रूप से परिवहन कर बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने महालगांव से धापेवाड़ा मार्ग पर नाकाबंदी की. इसी दौरान एक टिप्पर और तीन ट्रैक्टर आते दिखाई दिए. पुलिस ने वाहनों को रोककर पंचों की मौजूदगी में जांच की. चारों वाहनों में रेत मिली. चालकों से परिवहन परमिट के बारे में पूछताछ करने पर उनके पास कोई अनुमति नहीं होने की बात सामने आई. आरोपियों ने महालगांव घाट से रेत निकालकर बिक्री के लिए ले जाने की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने 15 लाख रु. कीमत का अशोक लेलैंड टिप्पर, 12 हजार रु. कीमत की 2 ब्रास रेत, 15 लाख रु. कीमत के तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व 18 हजार रु. कीमत की 3 ब्रास रेत ऐसा कुल 30.30 लाख रु. का माल जब्त किया गया. दवनीवाड़ा थाने में आमगांव के कुंभारटोली निवासी आरोपी सागर कन्हैयालाल नेवारे (28), आमगांव निवासी टिप्पर मालिक प्रकाश राऊत, बालाघाट जिले के खुर्शीपार निवासी ट्रैक्टर चालक अंकित कामठे, महालगांव निवासी ट्रैक्टर मालिक राजू अनंतराम बंबारे (36), ट्रैक्टर मालिक चैनलाल मदारीलाल बंबारे (51), ट्रैक्टर मालिक चरण भाऊलाल मंदरेले (35) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के हवलदार संजय चव्हाण, सोमेंद्रसिंग तुरकर, रियाज शेख, दीक्षितकुमार दमाहे, सुबोध बिसेन और सिपाही छगन विठ्ठले की टीम ने की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here