छात्रावास, आंगनवाड़ी व स्कूलों की व्यवस्थाओं पर रखें सतत नजर

0
7

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने कलेक्टरों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग; अस्पतालों में बेड, पोषण आहार व पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा

बालाघाट/गोंदिया. जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह ने बुधवार को संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बालाघाट जिले की ओर से कलेक्टर सत्यम वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष से बैठक में शामिल हुए। बैठक में संभागायुक्त सिंह ने जिलेवार विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए छात्रावासों, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और कहीं भी कमी सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

अस्पतालों में बेड की स्थिति जानी

संभागायुक्त ने सभी जिलों की तहसीलों में स्थित अस्पतालों में उपलब्ध बेड की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही पोषण आहार और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

जनता की समस्याओं का हो समयबद्ध निराकरण

संभागायुक्त सिंह ने एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी आमजन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दें तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here