गोंदिया. देवरी तहसील से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय महामार्ग क्र. 53 के मरामजोब उड्डाणपुल पर गुरुवार, 3 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे लोहे की सरिया से भरा एक मालवाहक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. चालक के वाहन पर से नियंत्रण खोने के कारण ट्रक पुल के डिवाइडर से जा टकराया. हादसे के बाद ट्रक में लदी लोहे की सरिया सड़क पर बिखर गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा.
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्र. सीजी 04 – पीसी 7821 रायगढ़ से नागपुर की ओर लोहे की सरिया लेकर जा रहा था. मरामजोब उड्डाणपुल पर पहुंचते ही अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया. इसके बाद ट्रक दूसरी दिशा में जाकर पुल के डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में भरी बड़ी मात्रा में लोहे की सरिया सड़क पर फैल गई. इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश निवासी ट्रक चालक सायन उरुस यादव (25) गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल देवरी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया.



