गोंदिया. राज्य सरकार द्वारा ‘लाडली बहन’ योजना और किसानों की कर्जमाफी का बड़े पैमाने पर प्रचार किया जा रहा है, लेकिन उद्योगपतियों की कर्जमाफी पर सरकार चुप क्यों है? यह सवाल कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने उठाया. उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की लाडली बहनों को इन दोनों बेईमान भाइयों ने ठग लिया है. अर्जुनी मोरगांव के समीप चारभाटा में हनुमान चालीसा पाठ व श्रावण मास समापन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नाना पटोले प्रमुख अतिथि के रूप में बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का सीधे नाम लिए बिना सरकार की नीतियों पर निशाना साधा.
पटोले ने कहा कि सरकार किसानों की कर्जमाफी के लिए 13 हजार करोड़ रु. खर्च करने की बात कह रही है. वहीं ‘लाडली बहन’ योजना के लिए 17 हजार करोड़ रु. दिए जाने का प्रचार विभिन्न माध्यमों से किया जा रहा है. उन्होंने सवाल किया कि दस उद्योगपतियों की करीब 3.5 लाख करोड़ रु. की कर्जमाफी की सरकार ने कभी इसी तरह विज्ञापनबाजी क्यों नहीं की? उन्होंने दावा किया कि इतनी बड़ी राशि यदि किसानों की कर्जमाफी के लिए इस्तेमाल की जाती तो किसान वर्ग को काफी राहत मिल सकती थी. पटोले ने सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं के मुकाबले उद्योगपतियों को दी जा रही राहत को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए. ‘लाडली बहन’ योजना को लेकर भी पटोले ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के लिए शुरू की गई कुछ योजनाएं चरणबद्ध तरीके से बंद की जा रही हैं. उन्होंने कहा, ‘ये बहनों के सगे भाई नहीं हैं. बहनों के नाम पर उन्हें गुमराह किया जा रहा है. कार्यक्रम में गोंदिया-भंडारा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डा. प्रशांत पडोले सहित गोंदिया, भंडारा और गड़चिरोली जिले के कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे.



