गोंदिया. शहर में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गोंदिया शहर पुलिस ने सोमवार को एक युवक को एमडी क्रिस्टल पाउडर के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से 20.7 ग्राम एमडी बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत 62 हजार 100 रु. बताई गई है. आरोपी का नाम शास्त्री वार्ड, गोंदिया निवासी राहुल हेमराज मंडीया (26) बताया गया है.
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर से एमडी जैसे नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने शास्त्री वार्ड, संजयनगर, गोविंदपुर क्षेत्र स्थित उसके घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली में मटमैले रंग का पाउडर मिला. पंचों की मौजूदगी में पूछताछ और वजन करने पर पदार्थ का वजन 20.7 ग्राम पाया गया. पुलिस के अनुसार यह एमडी क्रिस्टल पाउडर है. इसकी कीमत प्रति ग्राम 3 हजार रु. के हिसाब से कुल 62 हजार 100 रु. आंकी गई. इस मामले में गोंदिया शहर थाने में मामला दर्ज किया गया है.जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संजय तुपे कर रहे हैं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेशचंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रविण बोरकुटे के नेतृत्व में की गई.



