अज्ञात वाहन की टक्कर से नर हिरण की मौत, तावशी-संभाजीनगर महामार्ग की घटना

0
5

गोंदिया. अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से एक नर हिरण की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना रविवार, 13 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे तावशी-संभाजीनगर महामार्ग पर हुई. इस हादसे ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, करीब 4 से 5 वर्ष उम्र का नर हिरण महामार्ग पार कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि हिरण ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा. तावशी-संभाजीनगर महामार्ग पर नर हिरण मृत अवस्था में मिलने से परिसर में शोक की लहर है. इस क्षेत्र में वन्यप्राणियों की आवाजाही रहती है. ऐसे में महामार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है. महामार्ग पर बढ़ती वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार को देखते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ठोस उपाययोजना करने की मांग वन्यजीव प्रेमियों ने की है. घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी मोरगांव वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे. मृत हिरण का पंचनामा किया गया है तथा नियमानुसार आगे की वन विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वनपरिक्षेत्राधिकारी बहुरे के मार्गदर्शन में वनरक्षक परशुरामकर, सतीश शेंदरे, रविंद्र सांदेवार तथा वनमजदूर दिलीप डोंगरवार मामले की जांच कर रहे हैं. हिरण को टक्कर मारने वाला वाहन कौन-सा था, उसका चालक कौन था तथा हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाने के लिए वन विभाग द्वारा जांच की जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here