गोंदिया. जिले के सड़क अर्जुनी तहसील से गुजरने वाले राष्ट्रीय महामार्ग क्र. 53 पर सौंदड़ में नवनिर्मित उड़ानपुल की शुरुआत में बने स्पीड ब्रेकर के पास बुधवार, 14 अक्टूबर की रात करीब 10.30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. आगे चल रहे कंटेनर को पीछे से तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में आयशर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक का नाम लातुर जिले के तिवटघाट निवासी नागनाथ संजय कराले (36) व घायल क्लीनर का नाम तिवटघाट निवासी अनिकेत महादेव उदावले (23) बताया गया है. आयशर ट्रक सोलापुर जिले के सांगोला से चिकू भरकर रायपुर की ओर जा रहा था.
जानकारी के अनुसार, कंटेनर क्र. एमपी 09 – बीजी 9414 सौंदड़ उड़ानपुल की शुरुआत में बने स्पीड ब्रेकर के पास पहुंचा तो चालक ने वाहन की गति कम कर दी. इसी दौरान पीछे से आ रहे आयशर ट्रक क्र. एमएच 04 – जीसी 9436 के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया व ट्रक कंटेनर से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. चालक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने के बाद डुग्गीपार पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया. घायल क्लीनर अनिकेत को प्राथमिक उपचार के लिए सौंदड़ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया. मृत चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए सड़क अर्जुनी के शासकीय अस्पताल भेजा गया. मध्य प्रदेश निवासी कंटेनर चालक धर्मेंद्र गोस्वामी ने अपना वाहन डुग्गीपार पुलिस थाने में जमा कर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृत आयशर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जांच हवलदार जागेश्वर उईके कर रहे हैं.



