गोंदिया. शहर के रेलटोली क्षेत्र में स्थित टॉम्स कैफे में बिना अनुमति हुक्का पार्लर चलाकर ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकूजन्य फ्लेवर उपलब्ध किया जा रहा था. रामनगर पुलिस ने 14 अक्टूबर की रात कार्रवाई करते हुए हुक्का पार्लर से 37 हजार 425 रु. का माल जब्त किया. इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार, बाजपेयी वार्ड निवासी आरोपी विनोद ओंकार भांडारकर (36), आशीर्वाद कॉलोनी निवासी यश नरेश गोलानी (26) व गौशाला वार्ड निवासी आकाश उर्फ आशु सुरज चौरसिया (26) रेलटोली क्षेत्र में स्थित टॉम्स कैफे में बिना अनुमति हुक्का पार्लर चलाकर ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकूजन्य फ्लेवर उपलब्ध करा रहे थे. इसी बीच रामनगर पुलिस ने बुधवार की रात करीब 12.30 छापा मारा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 कांच के हुक्का पॉट, दो पाइपयुक्त कांच के हुक्का पॉट, 27 हुक्का पाइप, मल्टीपरपज पाइप, मिट्टी की चिलम, कोयला रखने की स्टील प्लेटें, कोयला जाली, हुक्का स्टील वॉल, लोहे की सिगड़ी, बर्नर, रबर वाइसर और ग्राइंडर मशीन सहित अन्य सामग्री जब्त की. इसके अलावा विभिन्न फ्लेवर के सीलबंद तंबाकूजन्य उत्पाद, हुक्का पीने के प्लास्टिक पाइप, शीशा फ्लेवर चारकोल और मैजिक रोल फॉइल भी जब्त किए गए. जब्त सामग्री की कुल कीमत 37 हजार 425 रु. बताई गई है. फिर्यादी सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक भाऊराव ठाकरे की शिकायत पर रामनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संजय नागरगोजे कर रहे हैं.



