NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

0
18

गोंदिया. NEET पेपर लीक प्रकरण, शिक्षा व्यवस्था में कथित अव्यवस्था, दिल्ली में आंदोलनरत छात्रों और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार, 22 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटी ने गोंदिया में विरोध मोर्चा निकाला.
भोला भवन से तहसील कार्यालय तक निकाले गए इस विरोध मोर्चे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, छात्रों के भविष्य की सुरक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई. मोर्चे के दौरान जयस्तंभ चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और धरना प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए. कुछ समय तक चले इस प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा. बाद में पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई. इस अवसर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमर वराडे, पूर्व विधायक दिलीप बन्सोड सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here