गोंदिया के डॉ. अक्षत अग्रवाल ने 60 दंत चिकित्सकों को सिखाई विशेष उपचार तकनीक

0
3

बच्चों के दांतों के जटिल उपचार और आधुनिक रूट कैनाल पद्धति पर दिया प्रशिक्षण, इंदौर में आयोजित हुआ विशेष सेमिनार

गोंदिया. दंत चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों का ज्ञान चिकित्सकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गोंदिया के प्रसिद्ध दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अक्षत अग्रवाल ने इंदौर में आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण सेमिनार में मालवा क्षेत्र के करीब 60 दंत चिकित्सकों को बच्चों के दांतों के जटिल उपचार की विशेष तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। होटल वेस्टर्न प्लस के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों के दंत चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

डॉ. अक्षत अग्रवाल को बच्चों एवं युवाओं से संबंधित दंत रोगों और मुख रोगों के उपचार में विशेष दक्षता हासिल है। उन्होंने सेमिनार में बच्चों के दांतों के उपचार की आधुनिक तकनीकों, विशेष रूप से ब्लैक टाइटेनियम फाइल के माध्यम से रूट कैनाल उपचार की बारीकियों से चिकित्सकों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी उपचार की सफलता के लिए सही तकनीक के साथ-साथ बेहतर उपचार योजना तैयार करना भी बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी चिकित्सा सुविधा मिल सके। प्रशिक्षण के दौरान केवल सैद्धांतिक जानकारी तक ही कार्यक्रम को सीमित नहीं रखा गया, बल्कि मरीजों पर आधारित मॉड्यूल के माध्यम से उपचार की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया। उपस्थित चिकित्सकों से स्वयं प्रायोगिक अभ्यास करवाया गया, ताकि वे नई तकनीकों को बेहतर ढंग से समझकर अपने क्लीनिक में उनका प्रभावी उपयोग कर सकेंl सेमिनार में एक ही सिटिंग में मरीज के कई दांतों का उपचार करने की तकनीक, रूट कैनाल उपचार की उचित प्लानिंग, जटिल एवं गंभीर मामलों को संभालने के तरीके तथा उपचार के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

इस प्रशिक्षण का लाभ मॉडर्न डेंटल कॉलेज इंदौर, अरविंदो डेंटल कॉलेज इंदौर के चिकित्सकों सहित मालवा क्षेत्र के जनरल डेंटल प्रैक्टिशनर्स ने उठाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन डेंटल एसोसिएशन इंदौर के अध्यक्ष डॉ. आदित्य मंगल ने की। इस अवसर पर डॉ. सृष्टि नवलानी ने रूट कैनाल उपचार के दौरान आने वाली विभिन्न कठिनाइयों एवं उनके समाधान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन इंडियन डेंटल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. मधुर नवलानी ने कियाl उल्लेखनीय है कि डॉ. अक्षत अग्रवाल गोंदिया, आमगांव एवं नागपुर में ‘भारत स्माइल’ नाम से अपने दंत चिकित्सालयों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर दंत चिकित्सा सेवाएं देने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सकों को आधुनिक उपचार तकनीकों का प्रशिक्षण देने की उनकी पहल गोंदिया के लिए गौरव की बात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here