जंगल में गश्त कर रहे वनरक्षक पर भालू का हमला, अर्जुनी मोरगांव ग्रामीण अस्पताल में उपचार जारी

0
6

गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव वनपरिक्षेत्र के जंगल में नियमित गश्त कर रहे एक वनरक्षक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया. यह घटना बुधवार, 18 नवंबर को सुबह करीब 9.30 बजे घटित हुई. हमले में बीट वनरक्षक सतीश देवराम शेंदरे (बुटाई-2) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अर्जुनी मोरगांव के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
वनपरिक्षेत्र अधिकारी आर.एम. बहुरे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वनरक्षक सतीश शेंदरे बुधवार सुबह अपने अधीनस्थ क्षेत्र के कक्ष क्र. 316 की पगडंडी पर अकेले गश्त कर रहे थे. इसी दौरान जंगल में वन्यप्राणी की आहट सुनाई दी. वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया. भालू के हमले से बचने के लिए शेंदरे ने काफी संघर्ष किया. इस दौरान भालू ने उनके बाएं हाथ की कलाई और दाईं जांघ पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटनास्थल घने जंगल में होने के कारण वहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं था. साथ में कोई अन्य कर्मचारी भी नहीं था. इसके बावजूद घायल अवस्था में शेंदरे ने हिम्मत नहीं हारी. वे किसी तरह जंगल से बाहर निकले और नेटवर्क क्षेत्र में पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घायल वनरक्षक को तत्काल अर्जुनी मोरगांव ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया. वनपरिक्षेत्र अधिकारी आर.एम. बहुरे के अनुसार, चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here