गोंदिया. छत्तीसगढ़ राज्य के डोंगरगढ़ स्थित बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे देवरी तहसील के शिलापुर (भोयारटोला) के दो श्रद्धालुओं की बाइक दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई तो एक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना बुधवार, 1 अक्टूबर को दोपहर लगभग 1.30 बजे छत्तीसगढ़ राज्य के छुरिया गांव के पास घटित हुई. मृतकों के नाम संजय मानकर, आशिष फुने तथा घायल व्यक्ति का नाम श्यामकुमार भोयर बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, देवरी तहसील के शिलापुर(भोयरटोला) निवासी संजय, आशिष व श्यामकुमार मोटरसाइकिल क्र. एमएच 35 – एक्स 5175 से डोंगरगढ़ स्थित बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्य के सीमा शुल्क जांच चौकी क्षेत्र में राजनांदगांव जिले के छुरिया गांव के पास उनकी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजय और आशीष दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्यामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायल श्यामकुमार को इलाज के लिए एम्बुलेंस से राजनांदगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की खबर मिलते ही देवरी तहसील में हड़कंप मच गया है


