नक्सलमुक्त गोंदिया का राष्ट्रीय गौरव, एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे 50 नागरिक, गुजरात रवाना हुआ प्रतिनिधिमंडल

0
6

गोंदिया. कभी नक्सलवाद के प्रभाव से प्रभावित रहे गोंदिया जिले के नागरिकों को अब राष्ट्रीय एकता दिवस के ऐतिहासिक समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिला है. सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. इसमें शामिल होने के लिए गोंदिया जिले के 50 नागरिकों का प्रतिनिधिमंडल गुजरात रवाना हुआ है.
केंद्र सरकार की विशेष पहल के तहत पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे जिलों के नागरिकों को इस समारोह में आमंत्रित किया गया है. महाराष्ट्र के गोंदिया, गड़चिरोली और चंद्रपुर जिलों से 50-50 नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रण मिला है. इस पहल का उद्देश्य शांति, विकास, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करना है. जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मार्गदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के समन्वय से इस दौरे की योजना बनाई गई. पहले चरण में 27 अक्टूबर को नक्सल सेल के पुलिस निरीक्षक प्रमोद भातनाते के साथ तीन नागरिक गुजरात रवाना हुए. उनके लिए दो दिवसीय गुजरात दर्शन कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है. इसके बाद 29 अक्टूबर को पुलिस उपनिरीक्षक श्रीकांत हत्तीमारे और दीपक तरवडे के साथ शेष 47 नागरिकों को गुजरात भेजा गया. गोंदिया के उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेश शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिनिधिमंडल को रवाना किया. इस प्रकार जिले से कुल 50 नागरिक राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे.
=
‘नक्सलमुक्त गोंदिया, सुरक्षित गोंदिया और विकसित गोंदिया’ की संकल्पना को मजबूत करने के लिए जिला पुलिस प्रतिबद्ध है. जिले में शांति, विश्वास और विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे.
गोरख भामरे, पुलिस अधीक्षक, गोंदिया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here