भाजयुमो द्वारा जयस्तंभ चौक पर जोरदार प्रदर्शन; ‘प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारों से गूंजा शहर
गोंदिया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गोंदिया में भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला फूंका। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल की अगुवाई में गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जयस्तंभ चौक पर एकत्र हुए। हाथों में नारे लिखी तख्तियां और जुबां पर आक्रोश लिए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। देखते ही देखते पूरा जयस्तंभ चौक राजनीतिक विरोध के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों में जिला महामंत्री सुनील केलनका, दीपक कदम, छत्रपाल तुरकर, संजीव कुलकर्णी, विवेक मिश्रा, ऋषिकांत साहू, जिप सदस्य दीपा चन्द्रिकापुरे, आनंदा वाधिवा, नप उपाध्यक्ष संतोष पटले, सभी नगरसेवक सहित गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा पदाधिकारी व युवामोर्चा के जिला पदाधिकारीयों की उपस्थिति रही।
‘प्रधानमंत्री का अपमान बर्दाश्त नहीं’
कार्यकर्ताओं ने खड़गे की टिप्पणी को प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के पुतले को बीच चौक पर आग के हवाले कर अपना विरोध जताया। इस दौरान ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’, ‘कांग्रेस पार्टी हाय-हाय’ जैसे नारों से माहौल गरमा गया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक टिप्पणी का मामला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा से जुड़ा विषय है।
माफी की मांग पर भाजपा का अल्टीमेटम..
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा एवं भाजयुमो चुप बैठने वाली नहीं है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।



