रायपुर की महामंडई बनी ऐतिहासिक, नौ मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विधायक विनोद अग्रवाल की उपस्थिति में भव्य आयोजन

0
7

मृगनयनी लोकगीत ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति ने बांधा समां
गोंदिया. दीपावली और कार्तिक शुक्ल षष्ठी के पावन अवसर पर मौजा रायपुर में सार्वजनिक महामंडई समिति की ओर से भव्य महामंडई उत्सव, मृगनयनी लोकगीत ऑर्केस्ट्रा और मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। गांव में पहली बार शुरू की गई इस नई पहल को ग्रामवासियों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन गोंदिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद अग्रवाल की प्रमुख उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक अग्रवाल ने मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में किए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए गांव के विकास में सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के महत्व को रेखांकित किया। सांसद डॉ. प्रशांत पडोले की अनुपस्थिति में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अशोक (गप्पू) गुप्ता ने उद्घाटन की भूमिका निभाते हुए ग्रामवासियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष छत्रपाल तुरकर ने की। बी.बी. बिसेन ने भी प्रेरणादायी संबोधन के माध्यम से उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन किया। ग्राम पंचायत रायपुर के ग्राम विकास अधिकारी कमलेश बिसेन ने मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ सामाजिक और ग्राम विकास में भी योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। वर्ष 2021 से 2026 के दौरान स्नातकोत्तर शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में उच्च शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने वाले रायपुर गांव के नौ विद्यार्थियों को स्मृतिचिह्न और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में अनिकेतकुमार लोकचंद बिजेवार (एम.एससी. हॉर्टिकल्चर, पंजाबराव देशमुख कृषि विद्यापीठ, अकोला – 8.47 सीजीपीए), साक्षी मनोजकुमार कोल्हे (एमबीए फाइनेंस मैनेजमेंट, श्री बालाजी विद्यापीठ, पुणे), स्वाती मनोजकुमार कोल्हे (एमबीए मार्केटिंग मैनेजमेंट, श्री बालाजी विद्यापीठ, पुणे), नम्रता तेजपाल रंसोड (एम.ए. राजनीति विज्ञान, एन.एम.डी. कॉलेज, गोंदिया), उज्ज्वल दिनेश गडपायले (एम.ए. भूगोल, नागपुर विश्वविद्यालय – 8.79 सीजीपीए), अस्मित धर्मेंद्र देशभ्रतार (एमबीए वित्तीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रबंधन, सिंहगढ़ इंस्टीट्यूट, पुणे), पूजा लोकचंद बिजेवार (एम.ए. मराठी, नागपुर विश्वविद्यालय), डॉ. हर्षा योगेश बिसेन (बीएचएमएस, गोंदिया होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज – 63 प्रतिशत) और आयुषी अस्मित देशभ्रतार (एमबीए, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय) का समावेश है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा उच्च शिक्षा में हासिल की गई उपलब्धियों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

नई परंपरा की शुरुआत, लोकगीतों ने बांधा समां
आयोजन की संकल्पना रखने वाले समन्वयक गणेश रहांगडाले ने बताया कि दीपावली के दौरान गांव में महामंडई उत्सव की कमी महसूस होती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस नई परंपरा की शुरुआत की गई है। भविष्य में हर वर्ष इस उत्सव को और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। रात में संतोष ठकरेले के मृगनयनी लोकगीत रीमिक्स ऑर्केस्ट्रा की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक ग्रामवासियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।

आयोजन समिति का विशेष योगदान
कार्यक्रम की सफलता के लिए समन्वयक गणेश रहांगडाले की संकल्पना तथा समिति के सचिव एवं सूत्रसंचालक महेंद्र बोरकर (तंटामुक्ति अध्यक्ष, रायपुर) के मार्गदर्शन में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विशेष प्रयास किए। आयोजन समिति में अध्यक्ष ज्योतिष रहांगडाले, उपाध्यक्ष मनोज कोल्हे, सहसचिव सुरेंद्र भंडारी, कोषाध्यक्ष योगेश बिसेन, सहकोषाध्यक्ष धर्मेंद्र देशभ्रतार, व्यवस्थापक राजू रहांगडाले, संयोजक लोकसिंग रहांगडाले और सहसंयोजक संजय घरडे शामिल रहे। इस अवसर पर रायपुर के उपसरपंच ओंकार मातरे, ग्राम पंचायत सदस्य, पूर्व सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। अंत में समिति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच मनोज कोल्हे ने अतिथियों, सम्मानित विद्यार्थियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण, शैक्षणिक प्रतिभाओं के सम्मान और ग्राम विकास का सकारात्मक संदेश देने वाला रायपुर का यह महामंडई उत्सव ग्रामवासियों के लिए यादगार बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here