डीआरएम ने किया गोंदिया रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व वंदे भारत में खान-पान व्यवस्था का लिया जायजा

0
89

गोंदिया. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दीपक कुमार गुप्ता ने बुधवार, 3 सितंबर को गोंदिया रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा रेल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए.

वंदे भारत में खान-पान व्यवस्था की जांच
डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने गाड़ी संख्या 20826 नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में खान-पान संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया. उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाओं का जायजा लिया. संबंधित अधिकारियों एवं खान-पान सेवा से जुड़े कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. इसके बाद उन्होंने गोंदिया के टीटीई विश्राम कक्ष का निरीक्षण कर वहां की मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली. साथ ही स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों के आवागमन, पार्किंग व्यवस्था एवं परिसर की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया.

स्वास्थ्य इकाई का भी लिया जायजा
डीआरएम ने स्टेशन परिसर स्थित स्वास्थ्य इकाई का भी निरीक्षण किया. वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की जानकारी लेते हुए रेल कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर स्टेशन की कार्यप्रणाली और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इस दौरान नागपुर मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, यात्री सुविधा, संरक्षा और बेहतर सेवा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here