60 दंत चिकित्सकों व विद्यार्थियों को चार घंटे दिया एडवांस रूट कैनाल उपचार का प्रशिक्षण
गोंदिया. विदर्भ के प्रख्यात दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अक्षत अग्रवाल ने जबलपुर के इंडियन डेंटल एसोसिएशन के आमंत्रण पर हितकारिणी डेंटल कॉलेज के सभागार में आयोजित विशेष गहन चिकित्सा सेमिनार में करीब 60 दंत चिकित्सकों एवं डेंटल कॉलेज के वरिष्ठ विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया। करीब चार घंटे चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एमडीएस, बीडीएस चिकित्सकों सहित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने मॉड्यूल एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों में एडवांस रूट कैनाल उपचार, जटिल मामलों को संभालने की तकनीक, दर्द रहित दंत उपचार तथा ब्लैक टाइटेनियम फाइल के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उपचार को अधिक सहज, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के तरीके बताए। डॉ. अग्रवाल ने अपने सात वर्षों के चिकित्सकीय अनुभव, क्लीनिक संचालन के व्यावहारिक ज्ञान तथा बच्चों को ऑपरेशन थिएटर में एनेस्थीसिया देकर एक ही सत्र में पूरे मुंह का उपचार करने के अपने सफल अनुभव भी चिकित्सकों के साथ साझा किए। प्रशिक्षण के दौरान जटिल परिस्थितियों में उपचार की योजना एवं मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में हितकारिणी डेंटल कॉलेज के डीन डॉ. रोहित मिश्रा एवं कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. राजेश धीरावानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की प्रस्तावना, संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. देवप्रिया प्रधान एवं डॉ. सौरभ तिवारी ने किया। वहीं डॉ. निहारिका गुप्ता ने डॉ. अक्षत अग्रवाल का स्वागत किया।
कई शहरों में दे चुके हैं प्रशिक्षण
उल्लेखनीय है कि देश-विदेश में दंत एवं मुख रोग चिकित्सा से संबंधित उच्च शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त डॉ. अक्षत अग्रवाल इससे पूर्व भी विभिन्न शहरों में आयोजित कार्यक्रमों में दंत चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं। विभिन्न डेंटल एसोसिएशनों एवं डेंटल कॉलेजों के आमंत्रण पर वे आधुनिक दंत चिकित्सा की तकनीकों और अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते रहे हैं।



