गोंदिया. गोरेगांव तहसील के कमरगांव में नालियों की सफाई की लंबित मांग को लेकर एक युवक के ग्राम पंचायत भवन की छत पर चढ़कर आंदोलन शुरू करने से हड़कंप मच गया. मांग पूरी नहीं होने पर धान की फसल पर छिड़काव करने वाला कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की धमकी दिए जाने से प्रशासन और पुलिस की परेशानी बढ़ गई. आंदोलक युवक का नाम दिनेश नागपुरे बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, कमरगांव में पिछले कई दिनों से नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदा पानी जमा है. घरों के सामने पानी सड़ने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही है. नालियों की तत्काल सफाई कराने की मांग को लेकर दिनेश नागपुरे ने ग्राम पंचायत प्रशासन के साथ ही गोरेगांव पंचायत समिति और जिलाधिकारी को भी कई बार ज्ञापन दिया था. बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने मंगलवार, 15 सितंबर को ग्राम पंचायत भवन की छत पर चढ़कर आंदोलन शुरू कर दिया. नागपुरे के पास धान की फसल पर छिड़काव किया जाने वाला कीटनाशक होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया. नालियों की सफाई को लेकर तत्काल निर्णय नहीं होने पर कीटनाशक पीने की चेतावनी दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा. पुलिस द्वारा नागपुरे को समझाने तथा उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए गए. इस घटना के बाद ग्राम पंचायत प्रशासन नालियों की सफाई को लेकर क्या कदम उठाता है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है.



