गोंदिया. सड़क अर्जुनी तहसील के झुरकुटोला गांव के जंगल क्षेत्र में मंगलवार सुबह बाघ के हमले में 73 वर्षीय किसान की मौत हो गई. मृतक का नाम वातू बकाराम राऊत बताया गया है. घटना के बाद झुरकुटोला सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वातू बकाराम राऊत मंगलवार, 15 सितंबर की सुबह बकरियों के लिए चारा लाने पहाड़ी क्षेत्र से लगे जंगल में गया था. इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया. बाघ के हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय आसपास मौजूद अन्य किसानों ने तत्काल गांव में इसकी जानकारी दी. इसके बाद पाटेकुर्रा के सरपंच प्रशांत बालसनवार ने वन विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही वन विभाग व पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सड़क अर्जुनी ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है. वनपरिक्षेत्र अधिकारी मिथुन तरोणे, डुग्गीपार थानेदार कमलेश सोनटक्के तथा संबंधित विभाग की टीम द्वारा आगे की जांच की जा रही है.



