गोंदिया-भंडारा में सड़क विकास को गति देने सांसद प्रफुल पटेल की पहल

0
23

बालाघाट टी-पॉइंट पर एलिवेटेड रोटरी, सड़क चौड़ीकरण और बायपास पर चर्चा : लंबित रेलवे ओवरब्रिज के काम जल्द पूरे करने के निर्देश
गोंदिया. गोंदिया-भंडारा जिले में सड़क विकास कार्यों को गति देने के लिए सांसद प्रफुल पटेल ने पहल की है. बालाघाट टी-पॉइंट पर एलिवेटेड रोटरी, कोहमारा-घोटी और घोटी-गोंदिया मार्ग के चौपदरीकरण, गोंदिया शहर के लिए बायपास तथा लंबित रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों को लेकर उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, सार्वजनिक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की. इस दौरान उन्होंने प्रलंबित विकास कार्यों को गति देने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए. बैठक में सांसद राजेंद्र जैन भी उपस्थित थे.
बालाघाट टी-पॉइंट क्षेत्र में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए यहां एलिवेटेड रोटरी बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने पर चर्चा की गई. वहीं, कोहमारा से घोटी मार्ग के वन क्षेत्र से बाहर आने वाले हिस्सों का निरीक्षण कर उनके चौपदरीकरण का प्रस्ताव तैयार करने तथा घोटी से गोंदिया मार्ग के चौपदरीकरण के लिए आवश्यक प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए. वन क्षेत्र से गुजरने वाले सड़क हिस्सों के लिए वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी करने और वन मंजूरी प्राप्त करने की दिशा में प्राथमिकता से कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया. गोंदिया शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को देखते हुए भविष्य की यातायात जरूरतों के अनुरूप बाहरी बायपास मार्ग प्रस्तावित करने के लिए व्यवहार्यता अध्ययन (फिजिबिलिटी स्टडी) करने पर चर्चा हुई. बायपास बनने से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होने और भारी वाहनों को बाहरी मार्ग से गुजारने में मदद मिल सकती है. इससे नागरिकों को यातायात जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. बैठक में भंडारा जिले के भंडारा तथा तुमसर-बपेरा-खापा मार्ग सहित अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई. सांसद पटेल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपाययोजनाएं करने, प्रस्तावों पर कार्रवाई तेज करने और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.

लंबित रेलवे ओवरब्रिज के कामों पर जोर
गोंदिया जिले में लंबित और रुके हुए रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने तथा लंबित मुद्दों का निपटारा करने के निर्देश दिए गए.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here