रावणवाड़ी व काटी में 47 पानठेला संचालकों से 10,220 रु. का जुर्माना वसूला

0
11

गोंदिया. जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू और तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री व सेवन पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है. इसी क्रम में 2 नवंबर को ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के तहत रावणवाड़ी, काटी, दासगांव, सतोना और चंगेरा में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों तथा पानठेलों पर छापेमारी की गई. इस दौरान 47 पानठेला संचालकों के खिलाफ कोटपा अधिनियम 2003 के तहत दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 10,220 रु. का जुर्माना वसूला गया.
जिलाधिकारी मंदार पत्की ने संबंधित विभागों को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों की जांच करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके. जिला शल्य चिकित्सक डॉ. पुरुषोत्तम पटले, अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. तृप्ति कटरे तथा पुलिस निरीक्षक रामदास शेवते के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया. कार्रवाई के दौरान तंबाकू और गुटखा का सेवन करने तथा प्रतिबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोटपा अधिनियम 2003 के अंतर्गत जुर्माना लगाया गया. जिला सलाहकार डॉ. ज्योति राठोड ने बताया कि अभियान के दौरान 47 पानठेला दुकानों पर जांच कर कुल 10,220 रु. का जुर्माना वसूला गया. इस कार्रवाई में जिला सलाहकार डॉ. ज्योति राठोड, मनोवैज्ञानिक सुरेखा आजाद मेश्राम, सामाजिक कार्यकर्ता संध्या शंभरकर, दंत तकनीशियन यश जयस्वाल, दंत सहायक विवेकानंद कोरे तथा पुलिस सिपाही वैभव हजारे और भोजराज रहांगडाले ने भाग लिया. स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू और तंबाकूजन्य पदार्थों के सेवन से बचने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here