गोंदिया : गोंदिया वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत कामठा-नवरगांव नदी पुल के पास वन्यजीवों के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से वन्यप्राणी उदबिलाव (ऊदबिलाव) के तीन मृत शावक तथा मुंगूस के बाल बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार का मामला उजागर हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे गोंदिया वनपरिक्षेत्र के गोंदिया सहवनक्षेत्र अंतर्गत मौजा कामठा में क्षेत्र सहायक एम.डब्ल्यू. भांडारकर तथा उनके अधीनस्थ वनरक्षक नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कामठा-नवरगांव नदी पुल के पास तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में हाथों में लकड़ी की लाठियां लेकर दिखाई दिए। इन लाठियों के सिरों पर लोहे के नुकीले हथियार लगे होने का संदेह हुआ। वन अधिकारियों ने तत्काल उनके पास पहुंचकर जांच की तो लाठियों पर नुकीले भाले लगे हुए पाए गए। वहीं, उनके पास मौजूद एक थैले की तलाशी लेने पर वन्यप्राणी उदबिलाव के तीन शावक मृत अवस्था में मिले। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच और कार्रवाई तेज की। इस दौरान तीन अन्य आरोपियों के पास से मुंगूस के बाल भी जब्त किए गए। वन विभाग ने कुल छह आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पशु चिकित्सा अधिकारी कुडवा के डॉ. एस.एच. शेंद्रे और उनकी टीम को वनपरिक्षेत्र कार्यालय बुलाया गया। कार्यालय परिसर में उदबिलाव के तीनों मृत शावकों का पोस्टमार्टम किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गोंदिया वनविभाग के उपवनसंरक्षक पवनकुमार जोंग, सहायक वनसंरक्षक (तेंदूपत्ता एवं कैम्पा) विजय धांडे, वनपरिक्षेत्र अधिकारी (प्रादेशिक) प्रशांत हुमणे, वन्यजीव रक्षक नूर अली सैय्यद, मानद वन्यजीव रक्षक मुकेश निबांर्ते एवं मुकुंद धुर्वे उपस्थित थे। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच जारीउपवनसंरक्षक पवनकुमार जोंग के मार्गदर्शन तथा सहायक वनसंरक्षक विजय धांडे एवं वनपरिक्षेत्र अधिकारी प्रशांत हुमणे के नेतृत्व में आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई में क्षेत्र सहायक एम.डब्ल्यू. भांडारकर, वनपाल डॉली कटरे, एच.पी. कापगते, वनरक्षक एम.एन. मेहर, आर.व्ही. चंदेल, एस.जी. थेर, वाहन चालक सागर लोहित, एच.बी. महारवाडे, जी.पी. चौधरी, पी.आर. नायकरे सहित गोंदिया एवं तिरोड़ा की संपूर्ण आरआरटी टीम शामिल है। वन विभाग द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



