डॉ. अक्षत अग्रवाल इंदौर में देंगे बाल दंत चिकित्सा का प्रशिक्षण; इंदौर डेंटल कॉलेज के पीजी विद्यार्थी भी होंगे शामिल

0
3

गोंदिया. चिकित्सा क्षेत्र में गोंदिया का नाम रोशन करते हुए शहर के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. अक्षत अग्रवाल आगामी रविवार, 22 नवंबर 2026 को इंदौर में दंत चिकित्सकों को बाल दंत चिकित्सा की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देंगे। इंडियन डेंटल एसोसिएशन मध्य प्रदेश एवं इंडियन डेंटल एसोसिएशन इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर स्थित होटल वेस्टर्न प्लस के सेमिनार हॉल में इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस प्रशिक्षण सत्र में मालवा क्षेत्र एवं इंदौर शहर के बड़ी संख्या में दंत चिकित्सक शामिल होंगे। इसके अलावा इंदौर डेंटल कॉलेज के पोस्ट ग्रेजुएट छात्र-छात्राएं भी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. अक्षत अग्रवाल बच्चों के दांतों के उपचार की आधुनिक एवं प्रभावी तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। विशेष रूप से बच्चों के दांतों का रूट कैनाल उपचार किस प्रकार अधिक कुशलता, सटीकता और आधुनिक पद्धति से किया जा सकता है, इस पर उनका विशेष मार्गदर्शन रहेगा।

प्रशिक्षण की खास बात यह होगी कि इसमें केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि प्रशिक्षण मॉड्यूल के माध्यम से आधुनिक उपचार पद्धतियों को समझाने के साथ ही प्रत्यक्ष रूप से बच्चों का उपचार करके भी तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे चिकित्सकों को उपचार की बारीकियों को व्यावहारिक रूप से समझने और अपने कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। यह प्रशिक्षण उन दंत चिकित्सकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा, जो बाल दंत चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता और कार्यकुशलता बढ़ाना चाहते हैं। साथ ही, जो चिकित्सक अब तक बच्चों के दांतों का रूट कैनाल उपचार करने से परहेज करते थे, उन्हें भी इस प्रशिक्षण के माध्यम से आवश्यक तकनीकी जानकारी और आत्मविश्वास प्राप्त होगा, जिससे वे भविष्य में इस प्रकार का उपचार कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि डॉ. अक्षत अग्रवाल अब तक वर्धा, अहमदाबाद एवं जबलपुर सहित विभिन्न शहरों में जाकर लगभग 500 दंत चिकित्सकों को इस विषय पर प्रशिक्षित कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में गोंदिया, आमगांव एवं नागपुर में ‘भारत स्माइल’ नाम से तीन डेंटल क्लीनिक सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। गोंदिया के एक दंत चिकित्सक द्वारा दूसरे शहरों में जाकर चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों को आधुनिक उपचार तकनीकों का प्रशिक्षण देना जिले के लिए गौरव की बात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here