नौ दिनों तक हजारों कन्याओं का विधि-विधान से पूजन और भोजन; संस्थाध्यक्ष सुनील अग्रवाल के मार्गदर्शन में अनूठा आयोजन
गोंदिया. शास्त्रों में कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना गया है। इसी आस्था और श्रद्धा के साथ गोंदिया की श्री सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति, गांधी प्रतिमा द्वारा नवरात्र के नौ दिनों तक कन्या भोजन एवं पूजन का अनूठा आयोजन किया जाता है। संस्थाध्यक्ष सुनील अग्रवाल के मार्गदर्शन में समिति पिछले लगभग 20 वर्षों से इस परंपरा का निरंतर निर्वहन कर रही है। इस वर्ष भी आयोजन उत्साह और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

समिति की ओर से नवरात्र के प्रत्येक दिन अलग-अलग स्कूलों से सैकड़ों कन्याओं को ढोल-बाजों के साथ आमंत्रित कर आयोजन स्थल पर लाया जाता है। यहां विधि-विधान से उनका पूजन-अर्चन कर भोजन एवं प्रसाद दिया जाता है। इसके साथ ही प्रत्येक कन्या को उपहार भी भेंट किए जाते हैं। आयोजन की भोजन एवं प्रसाद व्यवस्था समिति की महिला सदस्य सुव्यवस्थित ढंग से संभालती हैं। उपहार वितरण के लिए प्रतिदिन यजमान निर्धारित किए जाते हैं, जिनके सौजन्य से कन्याओं को भेंट प्रदान की जाती है। कार्यक्रम के बाद कन्याओं को सुरक्षित उनके स्कूलों तक पहुंचाया जाता है। लगभग दो दशकों से जारी यह सेवा कार्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी जुड़ाव को भी मजबूत कर रहा है। समिति के इस अनूठे प्रयास की शहर में सराहना की जाती है। सफल आयोजन के लिए समिति ने सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, यजमानों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



