गोंदिया. गोंदिया पंचायत समिति अंतर्गत आने वाले सावरी स्थित जिला परिषद स्कूल में सोमवार, 23 नवंबर को एक शिक्षक द्वारा कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला परिषद स्कूल सावरी में पिछले तीन वर्षों से कार्यरत शिक्षक नागोराव मगरू कटरे पर 13 वर्षीय छात्रा के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। बताया जाता है कि सोमवार को छात्रा नियमित समय पर स्कूल पहुंचकर अपनी कक्षा में गई थी। इसी दौरान शिक्षक कटरे ने कथित तौर पर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। घटना के बाद छात्रा ने इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी। बेटी से मिली जानकारी के बाद अभिभावक और गांव के नागरिक स्कूल परिसर पहुंचे। उन्होंने इस मामले की जानकारी पंचायत समिति सदस्य सरला लिकेश चिखलोडे को दी। सूचना मिलते ही चिखलोडे घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रावणवाड़ी पुलिस को भी सूचित किया। घटना की जानकारी फैलते ही स्कूल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए रावणवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद आरोपी शिक्षक नागोराव कटरे को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। रावणवाड़ी थाना प्रभारी रामदास शेवते के मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस थाने के एपीआई नवकर इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं। इस घटना के बाद पंचायत समिति सदस्य सरला चिखलोडे सहित ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र को कलंकित करने वाले शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही नाबालिग छात्रा को न्याय दिलाने और स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।



