गोंदिया. एकोडी जिला परिषद क्षेत्र के परमात्मा एक सेवकों ने धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर के विरोध में गंगाझरी पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की मांग की है. इसे लेकर 31 मार्च को पुलिस थाने में ज्ञापन भी सौंपा गया है.
जानकारी के अनुसार भंडारा जिले के मोहाडी में बाबा बागेश्वर के प्रवचन का आयोजन शुरू है. प्रवचन के दौरान बाबा बागेश्वर ने परमात्मा एक सेवक के संस्थापक महानत्यागी बाबा जुमदेव के बारे में वक्तव्य किया. जिससे परमात्मा एक सेवकों ने नाराजगी जताई है. उनके वक्तव्य को लेकर नागपुर, भंडारा, गढचिरोली, चंद्रपुर, रामटेक, वर्धा, अमरावती और गोंदिया जिले में परमात्मा एक सेवकों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है. सभी कार्यकर्ता उनके वक्तव्य के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं. इसके अलावा गोंदिया तहसील के ग्राम एकोडी में परमात्मा एक सेवक के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बाबा बागेश्वर का विरोध जताकर नारे लगाए. इसके बाद सभी कार्यकर्ता गंगाझरी थाने में पहुंचे और पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौपा. प्रतिनिधि मंडल में पूर्व जिप शिक्षा व स्वास्थ्य सभापति रमेश अंबुले, हेमेंद्र बावनकर, रामेश्वर पटले, धर्मराज पटले, खेमलाल रिनाईत, पुरूषोत्तम भदाडे, राजेंद्र सोनवाने, जामवंत हरिणखेडे का समावेश है.



