नवनिर्माणाधीन इमारत का स्लैब ढहा, एक मजदूर की मौत; तीन गंभीर

0
105

गोंदिया. देवरी–आमगांव मुख्य मार्ग से लगे भागी शिवार में सोमवार शाम करीब 4 बजे नवनिर्माणाधीन इमारत का स्लैब अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। स्लैब के मलबे में दबने से एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गोंदिया रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, भागी शिवार में इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक स्लैब का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। उस समय निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दिनेश मदन नाईक (38, निवासी मुल्ला) गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें 108 एंबुलेंस से देवरी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं रुपेंद्र राऊत (35, निवासी कटंगी), भुमेंद्र घासले (30, निवासी मुल्ला) तथा हितेंद्र खोब्रागड़े (निवासी भडंगा) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का देवरी ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक और संबंधित विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत कार्य करते हुए मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्लैब गिरने का वास्तविक कारण क्या है, निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं तथा निर्माण की गुणवत्ता कैसी थी, इसकी जांच की मांग नागरिकों ने की है। घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here