गोंदिया. जिला पुलिस विभाग की ओर से जिलेभर में कोंबिंग ऑपरेशन चलाकर 1 पिस्तौल, 1 जिंदा कारतुस, 5 तलवार, 1 गुप्ती सहित अवैध शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई कर लाखों रु. का माल जब्त किया है. यह कार्रवाई 23 से 24 मार्च के बीच की गई. आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामलें दर्ज किए गए हैं.
पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले, अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद झा द्वारा जिले के पुलिस थाना प्रभारियों को त्यौहार और चुनाव के मद्देनजर अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. जिस पर जिलेभर में पुलिस विभाग की ओर से कोंबिंग ऑपरेशन चलाया गया. उपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बानकर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दिनेश लबड़े, पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत सूर्यवंश के नेतृत्व में गोंदिया शहर, रामनगर, ग्रामीण परिसर में 23 और 24 मार्च को सी-60 पथक के साथ संयुक्त कार्रवाई के लिए कोंबिंग ऑपरेशन चलाया गया. इस दौरान गोंदिया शहर के पैकनटोली, गौतमनगर, कुंभारेनगर, सावराटोली, छोटा गोंदिया, रामनगर, कुड़वा, जब्बारटोला के अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के घर की तलाशी ली गई. जिसमें पैकनटोली निवासी आरोपी अतिश संतोष करोसिया (30) के पास से तीन तलवार, मुर्री निवासी आरोपी कांतिलाल सूरजलाल ढोमणे के पास से एक नग तलवार व गुप्ती, बाजपेयी वार्ड मुर्री रोड़ निवासी आरोपी शुभम पुरुषोत्तम हरदिये (25) के पास से पिस्तौल, जिंदा कारतुस, पैकनटोली गोंदिया निवासी पंकजकुमार चंद्रप्रकाश उर्फ संतोष आग्रे (19) के पास से तलवार जब्त की गई. उसी प्रकार जिलास्तर पर की गई कार्रवाई में अवैध शराब का व्यवसाय करनेवाले 52 लोगों पर कार्रवाई की गई. एनडीपीसी कानून के तहत 2 कार्रवाई व जुआ बंदी कानून के तहत 2 कार्रवाई कर 3 लाख 74 हजार 974 रु. का माल जब्त किया गया. जबकि धारा 110 के तहत 3 लोगों पर कार्रवाई, धारा 93 के तहत 12 लोगों पर कार्रवाई, धारा 110, 112, 117 के तहत 1 कार्रवाई व धारा 107 के तहत 40 लोगों पर कार्रवाई की गई. पुलिस विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में हड़कंप मच गया है.



