शरीर पर चिपकाकर गांजा ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार, मोपेड सहित 1.68 लाख का माल जब्त

0
3

रेलटोली रेलवे स्टेशन के पास एलसीबी की कार्रवाई
गोंदिया. जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी शरीर पर प्लास्टिक चिपकाकर गांजा छिपाकर ले जा रहे थे. पुलिस ने उनके पास से 2 किलो 915 ग्राम गांजा, एक मोपेड व अन्य सामग्री सहित कुल 1 लाख 68 हजार 250 रु. का माल जब्त किया है. यह कार्रवाई 25 अक्टूबर की रात गोंदिया के रेलटोली रेलवे स्टेशन से रेस्ट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई.
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम अवैध कारोबार के खिलाफ गश्त कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति दोपहिया वाहन से गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित मार्ग पर नाकाबंदी की और कुछ समय बाद पहुंचे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली. पुलिस के अनुसार, आरोपियों का नाम मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के शिवणघाट निवासी गोमाजी भागन चौधरी (52) व लक्ष्मीचंद बघेले (52) बताया गया है. तलाशी के दौरान दोनों के शरीर पर प्लास्टिक चिपका हुआ मिला. प्लास्टिक खोलने पर उसमें गांजा बरामद हुआ. इसके अलावा उनके पास मौजूद थैलों में रखे तीन टिफिन डिब्बों से भी गांजा मिला. जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 45 हजार 750 रु., मोपेड की कीमत 20 हजार रु. और अन्य सामग्री की कीमत 2,500 रु. बताई गई है. दोनों आरोपियों के खिलाफ रामनगर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें रामनगर पुलिस को सौंप दिया गया. यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक अमरदीप खाडे, सहायक फौजदार राजू मिश्रा, हवलदार तुलसीदास लुटे, महेश मेहर, प्रकाश गायधने, सिपाही राकेश इंदुरकर, कुणाल बारेवार, निखिल मेश्राम, राम खंदारे ने की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here