बाराभाटी-ब्राम्हणटोला में नए उपकेंद्र का लोकार्पण, किसानों व ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के बाराभाटी/ब्राम्हणटोला में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) द्वारा स्थापित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण बुधवार को विधायक राजकुमार बडोले के हाथों संपन्न हुआ। इस उपकेंद्र के शुरू होने से बाराभाटी सहित आसपास के कई गांवों को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और पर्याप्त बिजली आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे किसानों, लघु उद्योगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजकुमार बडोले ने कहा कि ग्रामीण विकास की मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण और सतत बिजली आपूर्ति पर निर्भर करती है। किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तथा ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बाराभाटी में स्थापित 33 केवी उपकेंद्र से क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी। भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य यशवंत गणवीर, जिला परिषद सदस्या कविताताई कापगते, होमराज कापगते, महावितरण के उपमुख्य अभियंता पाटील, पंचायत समिति सदस्य नाजुक कुंभरे, डोंगरवारताई, सरपंच चाकाटेताई, पूर्व सभापति प्रकाश गहाणे, सरपंच संगठन के अध्यक्ष भोजू लोगडे, खरीद-विक्री संघ के संचालक लेलेश शिवणकर, कृषि उपज बाजार समिति के संचालक व्यंकट खोब्रागडे, महावितरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत और भरोसेमंद होगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।



