गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव थने के तहत आने वाले ग्राम ताड़गांव में ट्रैक्टर के पलटने से उसके नीचे दबकर खेत में काम कर रहे ट्रैक्टर चालक की मौत होने की घटना 6 फरवरी को सुबह 9 बजे के दौरान घटित हुई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताडगांव से लगभग आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित ताराचंद मोतीराम नाकाडे के खेत में धान की रोपाई के लिए कीचड़ किए जाने का काम ट्रैक्टर के माध्यम से किया जा रहा था. इसी दौरान ट्रैक्टर कीचड़ में फंसकर खेत में ही पलट गया. इस घटना में ट्रैक्टर चालक पिंपलगांव खांबी निवासी प्रवीण किसन ब्राम्हणकर (45) की ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर क्र. एमएच 35- एजी 8244 यह नेताजी देवराम लांजेवार की मालकीयत का बताया गया है. अनुमान है कि खेती की जमीन तालाब के किनारे होने के कारण ट्रैक्टर के चक्के जमीन में गहराई तक फंस गए व संतुलन बिगड़ जाने से ट्रैक्टर पलट गया. मृत प्रवीण ब्राम्हणकर के परिवार में पत्नी, एक बेटा व एक बेटी हैं. मृतक को ट्रैक्टर मालिक के साथ ही शासन की ओर से आर्थिक मदद दिए जाने की मांग ग्रामीणों द्वारा की गई है. दुर्घटना के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अर्जुनी मोरगांव के ग्रामीण अस्पताल में भेजा गया. दोपहर 4 बजे के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. घटना की जांच अर्जुनी मोरगांव के पुलिस निरीक्षक कमलेश सोनटक्के के मार्गदर्शन में महेंद्र पुन्यपेडीवार कर रहे हैं.



