गोंदिया. चिचगढ़ पुलिस ने नागरिकों के गुम हुए 28 एंड्रॉयड मोबाइल खोजकर उन्हें उनके मूल मालिकों को लौटा दिए. CEIR पोर्टल और साइबर सेल की मदद से इन मोबाइलों को तकनीकी तरीके से खोजा गया. 17 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजेश तटकरे की उपस्थिति में मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए.
चिचगढ़ थाना क्षेत्र के नागरिकों ने मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने CEIR पोर्टल और साइबर सेल के सहयोग से मोबाइल की तलाश शुरू की. तकनीकी जांच के बाद कुल 28 मोबाइल बरामद किए गए. गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए चिचगढ़ पुलिस के प्रयासों की सराहना की. पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने के मामलों में तकनीकी माध्यमों की उपयोगिता भी सामने आई है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे व उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजेश तटकरे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक जनार्दन हेगडकर, हवलदार विनोद देशमुख ने की.



