पोल्ट्री फार्म में संदिग्ध रासायनिक यूनिट पर पुलिस की छापेमारी, 44,810 रुपये का सामान जब्त

0
3

गोंदिया. पोल्ट्री फार्म में मादक पदार्थों के निर्माण के लिए रासायनिक प्रक्रिया से जुड़ी यूनिट स्थापित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने रविवार, 18 अक्टूबर की रात तिरोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मारेगांव में छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न रासायनिक पदार्थ, ड्रम, प्लास्टिक के कैन और अन्य सामग्री सहित कुल 44,810 रुपये का माल जब्त किया गया। मामले में जितेंद्र गोविंद टेंभेकर, हर्षदीप रत्नदीप टेंभेकर (25) और चेतन मधुकर मेश्राम (49), दोनों निवासी नागपुर, के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, हैदराबाद स्थित ईगल फोर्स के पुलिस निरीक्षक वी. शिवकुमार द्वारा दिए गए लिखित पत्र के माध्यम से मारेगांव निवासी जितेंद्र टेंभेकर की कृषि भूमि पर स्थित पोल्ट्री फार्म में मादक पदार्थों के निर्माण के लिए रासायनिक प्रक्रिया से संबंधित यूनिट स्थापित होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद तिरोड़ा के पुलिस निरीक्षक अमित वानखड़े ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर तलाशी की अनुमति प्राप्त की। जांच के लिए नागपुर स्थित क्षेत्रीय न्याय सहायक वैज्ञानिक प्रयोगशाला की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस टीम जब संबंधित पोल्ट्री फार्म पहुंची, तब वहां भूमि का कब्जाधारक जितेंद्र टेंभेकर मौजूद था। परिसर में दक्षिण दिशा की ओर मुख वाली तीन कमरों की पुरानी आरसीसी इमारत मिली। इनमें से दो कमरों के ताले जंग लगे होने के कारण लंबे समय से बंद होने की आशंका जताई गई। पुलिस ने तीनों कमरों के ताले खुलवाकर तलाशी ली। एक कमरे में पुरानी वस्तुएं, दूसरे में नीले रंग के तथा लोहे के ड्रम और अन्य सामग्री, जबकि तीसरे कमरे में कूलर और प्लास्टिक के टब मिले। कार्रवाई के दौरान कुल 44,810 रुपये का सामान जब्त किया गया। इस मामले में जितेंद्र गोविंद टेंभेकर के साथ हर्षदीप रत्नदीप टेंभेकर, निवासी ज्योतिनगर, लष्करी बाग, नागपुर तथा चेतन मधुकर मेश्राम, निवासी लष्करी बाग, नागपुर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी), 22, 25, 29 और 30 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अमित वानखड़े, सहायक पुलिस निरीक्षक संजय कवडे, पुलिस उपनिरीक्षक शुभम नष्टे, माधव मुंगळे तथा पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों ने यह कार्रवाई की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here