टिप्पर की टक्कर से युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, शव सड़क पर रख हजारों ग्रामीणों का चक्काजाम

0
4

गोंदिया. रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र के एमआईटी कॉलेज के पास अज्ञात टिप्पर की टक्कर से रतनारा निवासी फिरोज वजीर शेख (40) की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके मालिक की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार, 21 अक्टूबर को रतनारा मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम आंदोलन शुरू कर दिया. आंदोलन में हजारों महिला-पुरुष शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की.
जानकारी के अनुसार, बुधवार, 20 अक्टूबर की शाम एमआईटी कॉलेज के पास अज्ञात टिप्पर की टक्कर से फिरोज शेख की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. दुर्घटना के बाद संबंधित वाहन और उसके मालिक की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई. आखिरकार 21 अक्टूबर को ग्रामीणों ने एकजुट होकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. आंदोलनकारियों का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध हैं. इसके बावजूद अब तक जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों ने मांग की कि दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. साथ ही मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता देकर न्याय दिलाया जाए. चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे के संबंध में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

दो मासूम बच्चों ने भी मांगा न्याय
हादसे में पिता को खोने वाले दो मासूम बच्चों ने भी शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई. उन्होंने अपने पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलाने की मांग की. बच्चों की इस गुहार ने आंदोलन के दौरान उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here