गोंदिया. आबकारी विभाग ने छापा मारकर तिरोड़ा तहसील के सिल्ली में एक खेत में चल रही शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया. इस बीच 1 लाख 96 हजार रु. का माल जब्त किया गया. यह कार्रवाई सोमवार की रात करीब 11 बजे की गई. आरोपी का नाम संजय बरेकर बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग के अधीक्षक मनोहर अंचुले को सूचना मिली थी कि सिल्ली गांव के पास एक खेत में महुआ फुल की शराब अवैध तरीके से बनाई जा रही है. सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने सिल्ली के किसान अशोक रहांगडाले के खेत में छापा मारा. इस दौरान मौके पर चल रही शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया गया. मौके से कुल 5,250 लीटर कच्ची महुआ फुल शराब, दो लोहे के ड्रम, एक गैस सिलेंडर, एक प्लास्टिक ड्रम और 105 बोरी महुआ फुल जब्त किया गया. जिसकी कीमत 1 लाख 96 हजार रु. बताई गई है. यह कार्रवाई अधीक्षक मनोहर अंचुले के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक धीरज सव्वालाखे, विजय अगड़े, जितेंद्र बोंडे, सागर बारसे, सुशील बोलने, चंद्रकांत बागड़े, अतुल बंसोड़, हर्षा धोटे, वैष्णवी पटले ने की.
अवैध शराब भट्टी से 1.96 लाख रु. का माल जब्त
RELATED ARTICLES






