ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने की सड़क जाम

0
226

गोंदिया. गोरेगांव तहसील के सोनी-नोनीटोला फाटा क्षेत्र में आमगांव से गोरेगांव की ओर से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गोरेगांव-आमगांव मुख्य मार्ग पर रास्ता जाम कर आंदोलन शुरू कर दिया.
जानकारी के अनुसार ट्रक क्र. एमएच 35 – एजे 4970 आमगांव से गोरेगांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान सोनी-नोनीटोला फाटा के पास सामने से आ रही एक बाइक को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार नोनीटोला निवासी अनिल शालिकराम हरिणखेडे (30) ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. आंदोलन के चलते कुछ समय तक गोरेगांव-आमगांव मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा है. यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here