गोंदिया. एक के बाद एक लगातार तीन घटनाओं में मुस्लिम युवकों का सिंधी समाज की युवती व महिलाओं को शिकार बनाने का प्रयास किया गया के आरोप को लेकर गोंदिया में संपूर्ण सिंधी समाज और सकल हिंदू समाज में तनाव देखा जा रहा है. 20 जनवरी को सिंधी कालोनी में एक घर में घुसकर एक मुस्लिम युवक ने सिंधी समाज की युवती व उसके परिवार पर दबाव बनाने और मारपीट, गाली गलौच करने का प्रयास किया, जिसके बाद से सिंधी समाज में तनाव व्याप्त हो गया. सिंधी समाज जनरल पंचायत के अध्यक्ष दरयानोमल आसवानी के नेतृत्व में संपूर्ण सिंधी समाज ने 21 जनवरी को एक बैठक लेकर गोंदिया पुलिस को ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपना सुनिश्चित किया, तथा यह भी तय किया कि 22 जनवरी को सिंधी समाज के सभी व्यापारी अपनी दुकानें व कारोबार बंद कर प्रदर्शन में शामिल होंगे. 22 जनवरी को संपूर्ण सिंधी समाज सिंधी जनरल पंचायत के आदेश पर एकजुट हुआ. संत कंवरराम मंदिर में संपूर्ण सिंधी समाज के सदस्य पहुंचे, और लगभग 3 से 4 हजार सिंधी समाज रैली के रुप में प्रदर्शन करते हुए शहर पुलिस थाने में पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. साथ ही पुलिस अधीक्षक, जिलाधीश, मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, जिस पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग भी सिंधी समाज ने की तथा सिंधी कालोनी में पुलिस गश्त लगाने की भी अपील की है.



