विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों को मिली सफलता, शहरवासियों को दिवाली पर सरकार की बड़ी सौगात!
विधायक विनोद अग्रवाल के हस्ते 6 नवंबर को सिंधी समाज के सैकड़ो नागरिकों को वितरित होंगे जमीन के पट्टे
गोंदिया. शहर की नजूल जमीन पर वर्षों से निवास कर रहे हजारों नागरिकों के मालिकाना हक का सवाल आखिरकार हल होने की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है। गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने मंत्रिमंडल की बैठक में गोंदिया शहर की नजूल जमीन का बिना मूल्य वर्ग-1 में रूपांतरण करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गोंदिया के इतिहास में इसे एक ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है। इस फैसले से वर्षों से जमीन के मालिकाना हक की प्रतीक्षा कर रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने का रास्ता खुल गया है। दिवाली के ऐन अवसर पर मिला यह निर्णय शहरवासियों के लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं है।
विस्थापित सिंधी समाज को न्याय दिलाया विधायक विनोद अग्रवाल ने, 6 नवंबर को वितरित होंगे जमीन के पट्टे
आजादी के बाद से विस्थापन की पीड़ा के साथ जमीन के पट्टों और मालिकाना हक की प्रतीक्षा कर रहे सिंधी समाज के नागरिकों के लिए भी विधायक विनोद अग्रवाल ने शासन स्तर पर बड़ी जद्दोजहद की है। लगातार प्रयासों के चलते सिंधी समाज को भी जमीन का मालिकाना हक दिलाने का प्रयास विधायक विनोद अग्रवाल ने किया। दिवाली पूर्व सैकड़ो सिंधी समाज के नागरिकों को पट्टे वितरित करने का कार्य विधायक विनोद अग्रवाल के हस्ते किया जा रहा है। गौरतलब है समाज के नागरिक लंबे समय से अपने अधिकारों की मांग उठा रहे थे। पूर्व में अनेक जनप्रतिनिधियों द्वारा इस विषय पर आश्वासन दिए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। विधायक विनोद अग्रवाल ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए और उन्हें जमीन के पट्टे देने का समाधान हुआ।
ग्रामीण क्षेत्र के 18 हजार अतिक्रमणधारकों को पहले ही दिलाए पट्टे
विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी की जगह पर निवास कर रहे 13 हजार नागरिकों एवं अतिक्रमण की जगह पर निवास कर रहे 5 हजार लोगों को जमीन के पट्टे उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इस कार्यक्रम में स्वयं राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले उपस्थित रहे थे। इसी दौरान विधायक अग्रवाल ने गोंदिया शहर की नजूल जमीन से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या को भी प्रमुखता से उठाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग रखी थी। लगातार शासन स्तर पर किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप अब शहर के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय सामने आया है।
झुडपी जंगल जमीन के अतिक्रमण धारक और टेंकपार के सिंधी समाज के नागरिकों को भी नियमित करने के प्रयास तेज
विधायक विनोद अग्रवाल ने नजूल जमीन के मालिकाना हक के साथ-साथ वनभूमि झुडपी जंगल जमीन पर 1996 के पूर्व के अतिक्रमण धारक एवं शहर के टेंकपार में बसे सिंधी समाज के नागरिकों को भी राहत देने प्रयास तेज कर दिए है। इन्हें भी नियमित कर पट्टे का अधिकार दिलाने का प्रयास विधायक विनोद अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है। उनका कहना है कि वर्षों से जमीन के अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर विधायक विनोद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के प्रति आभार व्यक्त किया।



