नशामुक्त गोंदिया अभियान के तहत 10 किमी विशाल रैली

0
180

गोंदिया. भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा नशामुक्त समाज निर्माण के उद्देश्य को लेकर आज गोंदिया मुख्यालय में एक विशाल जनजागरण रैली एवं सभा का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 5000 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. यह रैली नगर के निर्धारित मार्ग से होते हुए लगभग 10 किलोमीटर चली और अनुशासन व सकारात्मक ऊर्जा के साथ नारायण लॉन पर पहुंचकर जनसंकल्प सभा में परिवर्तित हुई.
इस कार्यक्रम में संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष शक्तिस्वरूपा बहन पूजा शुक्ला जी तथा केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे. दोनों पदाधिकारियों ने रैली में सम्मिलित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और सदगुरुदेव परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज द्वारा संचालित तीन धाराओं के बारे में बताते हुए नशामुक्त समाज निर्माण के लिए संगठन की दूरदर्शी नीति एवं आगामी कार्यक्रमों की दिशा स्पष्ट की. केंद्रीय अध्यक्ष शक्तिस्वरूपा बहन पूजा शुक्ला जी ने कहा कि “नशा केवल व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। आज का युवा यदि नशा छोड़कर संस्कारयुक्त जीवन अपनाए तो भारत विश्व में सबसे सशक्त राष्ट्र बन सकता है”
वहीं केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी ने अपने उद्बोधन में कहा “नशामुक्ति केवल आंदोलन नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति है जिसे घर-घर तक पहुँचाना हमारा कर्तव्य है. संगठन आने वाले समय में पूरे प्रदेश में व्यापक अभियान चलाएगा” सभा के दौरान सभी उपस्थित नागरिकों ने “नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो” का सामूहिक संकल्प लिया और गोंदिया को नशामुक्त जिला बनाने का प्रण किया. संगठन द्वारा रैली को सफल बनाने के लिए सभी शाखाओं, स्थानीय पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों, युवाओं और महिलाओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here