गोंदिया. स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने मादक पदार्थ के तस्करों के खिलाफ एक बड़ा और स्टिंग ऑपरेशन शुरू किया है. एलसीबी की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ‘महिंद्रा थार’ कार से बिक्री के लिए अवैध रूप से ले जाया जा रहा 38 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया. इस कार्रवाई में गांजा, थार कार और 4 मोबाइल फोन सहित कुल 54 लाख 30 हजार रुपये जब्त किया हैं और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोंदिया जिले के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इस निर्देश के क्रम में एलसीबी के पुलिस निरीक्षक पुरूषोत्तम अहेरकर के नेतृत्व में एक टीम 24 मई 2026 को डुग्गीपार पुलिस स्टेशन के भीतर गश्त पर थी. फिल्मी स्टाइल में पीछा और नाकाबंदी गश्त के दौरान, पुलिस को गोपनीय और विश्वसनीय जानकारी मिली कि एक थार कार (नंबर स्पष्ट नहीं) में भारी मात्रा में गांजा रायपुर (छत्तीसगढ़) से देवारी-कोहमारा के रास्ते नागपुर ले जाया जा रहा है. इस सूचना के आधार पर एलसीबी की एक टीम ने डुग्गीपार के सौंदड रेलवे फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया और नाकाबंदी की. कुछ ही देर में रायपुर की ओर से एक संदिग्ध काली थार कार आती दिखाई दी. लेकिन सामने पुलिस की नाकाबंदी देख चालक ने कार को विपरीत दिशा में भगाने का प्रयास किया. पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में तेजी से कार का पीछा किया और उसे रुकने पर मजबूर कर दिया. कार रुकते ही उनमें से तीन लोग जंगल की ओर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर दो को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. डिक्की और सीट पर प्लास्टिक की थैली में खाकी रंग के टेप में लिपटे गांजा के 40 बंडल मिले.जब बंडल खोले गए तो उसमें हरे नम पत्ते, फूल और बीज मिश्रित 38 किलो 500 ग्राम गांजा मिला. इसकी बाजार कीमत 38 लाख 50 हजार रुपये है. इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त 15 लाख रुपये कीमत की एक थार कार और 80 हजार रुपये कीमत के 4 मोबाइल फोन ऐसा कुल 54 लाख 30 हजार रुपये का माल जब्त किया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश व एलसीबी के पुलिस निरीक्षक पुरूषोत्तम अहेरकर के मार्गदर्शन में सपोनि धीरज राजुरकर, पुलिस कांस्टेबल तुलसीदास लुटे, दीक्षित कुमार दमाहे, संजय चव्हाण, दुर्गेश तिवारी, प्रकाश गायधने, समेंद्र सिंह तुरकर, सुनील डहाके, पुलिस कांस्टेबल इंदुरकर, घनश्याम कुंभलवार, राम खंडारे और लक्ष्मण बंजार ने की.
नागपुर के ‘सागर खोबरागड़े’ को होने वाली थी डिलीवरी
इस मामले में छत्तीसगढ़ राज्य के डोंगरगढ़ निवासी विवेक कुमार अश्विनी कुमार जोशी (21) और 2) एक विधि संघर्ष बालक को गिरफ्तार किया है. आरोपी विवेक कुमार से गहन पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि यह गांजा नागपुर के ‘सागर खोबरागड़े’ नाम के व्यक्ति को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था. साथ ही भागने वाले तीसरे आरोपी का नाम सुफियान उर्फ सोफी रजा (28, निवासी राजानगर, डोंगरगढ़) बताया गया है. आरोपियों के खिलाफ डुग्गीपार थाने में एन.डी.पी.एस. (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.






