गोंदिया. पुलिस मुख्यालय में कार्यरत पुलिसकर्मी पाठक कॉलोनी निवासी संकेत अनिलकुमार शुक्ला (34) अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से गोंदिया शहर स्थित शनि मंदिर आ रहे थे. इस दौरान 4 व्यक्तियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा.
13 मई को शनिवार का दिन होने और काम से छुट्टी होने के कारण पुलिसकर्मी संकेत अनिलकुमार शुक्ला अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से गोंदिया शहर आ रहे थे. लेकिन जब वे बजरंग नगर स्थित होंडा शोरूम के पास पहुंचे तो जैसे ही उन्हें पता चला कि वे पूजा सामग्री घर पर ही भूल गए हैं. उन्होंने तुरंत सामग्री घर से लाने के लिए गाड़ी मोड़ दी. इसी दौरान सड़क से गुजर रहे दुपहिया वाहन चालक ने उनके साथ गालीगलौज की. उसने अपने लोगों को बुलाया और चारों ने पुलिसकर्मी को डंडे से पीटा और गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोपियों में फुलचूरपेठ निवासी आफताब आबिद शेख (23), आबिद रमजान शेख (43), आयटीआय चौक फुलचूर निवासी मतीन उर्फ सोनू राशिद खान (23) व एक महिला का समावेश है. गोंदिया शहर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.



