सरकार व मानवता किसानों के साथ : पालकमंत्री इंद्रनील नाईक

0
127

गोंदिया. सरकार और मानवता सभी किसानों के साथ हैं. सरकार प्रभावित किसानों को पर्याप्त सहायता प्रदान करने का हर संभव प्रयास करेगी, ऐसा आश्वासन जिले के पालकमंत्री इंद्रनील नाईक ने जिले के सड़क अर्जुनी, देवरी, सालेकसा, आमगांव, गोरेगांव, तिरोड़ा और गोंदिया तहसीलों में बेमौसम बारिश से हुए कृषि नुकसान का निरीक्षण के दौरान दिया. पालकमंत्री नाईक ने बताया कि जिले के 900 गांव प्रभावित हुए हैं और 29 हजार 50.40 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है. इसके अंतर्गत 60 हजार 73 किसान प्रभावित हुए हैं. दिवाली से पहले और बाद में हुई बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्र और किसानों की संख्या में वृद्धि हुई है. अक्टूबर में हुई बारिश के बाद 339 गांवों के पंचनामे पूरे हो गए थे, लेकिन फिर से हुई बारिश के कारण अब पुनः पंचनामे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों के अनुसार, नाईक ने उपविभागीय अधिकारी और तहसीलदारों को किसानों से घोषणा पत्र लेने की प्रक्रिया बंद करने के स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसानों और पट्टेदारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो. नाइक ने आगे कहा कि वे प्रभावित क्षेत्रों में 30 प्रश. फसल बेचने की अनुमति प्राप्त करने के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलेंगे. उन्होंने जिले के सभी विधायकों को भी इस दौरान अपने साथ उपस्थित रहने को कहा. उन्होंने बताया कि राज्य में सबसे अधिक धान उत्पादन वाले गोंदिया जिले में सबसे अधिक नुकसान हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि यद्यपि प्रत्येक तहसील में नुकसान की मात्रा अलग-अलग है, फिर भी सरकार इस संबंध में उचित निर्णय लेगी. उन्होंने कहा कि ई-पंचनामा पूरा होने के बाद, जिलाधीश के माध्यम से राज्य सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी जाएगी और फिर वे व्यक्तिगत रूप से किसानों को दी गई सहायता का अनुसरण करेंगे. इस अवसर पर विधायक राजकुमार बडोले, विधायक विनोद अग्रवाल, पूर्व विधायक राजेंद्र जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here