गोंदिया. पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस में कार्यरत युवती वर्षा तुरकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना अंतर्गत बोंडरानी (अर्जुनी) के जंगल क्षेत्र में उसका शव मिलने से परिसर में हडकंप मच गया. इस मामले में बालाघाट जिले के खैरलांजी पुलिस ने गोंदिया एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरी निवासी वर्षा तुरकर पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी करती थी. पिछले कुछ दिनों से वह अपने गृहग्राम नवेगांव (खुर्द) आई हुई थी. इसी दौरान वह गोंदिया निवासी अपने पुरुष मित्र के साथ घूमने निकली थी. बताया गया है कि उसके पुरुष मित्र ने वर्षा के परिजनों को जानकारी दी कि महाराष्ट्र के अर्जुनी-बोंडरानी क्षेत्र में उसके साथ लूटपाट की गई और उसकी हत्या कर दी गई. यह जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और वर्षा के शव को खैरलांजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है. बताया जा रहा है कि खैरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में वैनगंगा नदी के दूसरे छोर पर महाराष्ट्र में भगवान शंकर के मंदिर के पीछे स्थित सागौन के जंगल में वर्षा का शव संदिग्ध अवस्था में मिला. घटनास्थल महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र में आने की जानकारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरलांजी पुलिस ने वर्षा के पुरुष मित्र को पूछताछ के लिए थाने ले जाकर जांच शुरू की है.
दवनीवाड़ा पुलिस करेगी आगे की जांच
घटनास्थल महाराष्ट्र की सीमा में होने के कारण पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा पुलिस थाने की ओर से आगे की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल वर्षा की मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.



