गोंदिया की 69 ग्रापं का उपचुनाव 28 अप्रैल को

0
265

गोंदिया. जिले की आठों तहसीलों की 69 ग्राम पंचायतों में 28 अप्रैल को उपचुनाव कराए जाएंगे. संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में 17 मार्च से चुनाव परिणाम घोषित होने तक आचार संहिता लागू रहेगी.
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, तहसीलदार द्वारा चुनाव की अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी. नामांकन पत्र प्राप्त करने और जमा करने की अवधि 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक निर्धारित की गई है. इस दौरान शनिवार और रविवार को छोड़कर रोजाना सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन स्वीकार किए जाएंगे. नामांकन पत्रों की जांच (छंटनी) 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे से पूरी होने तक की जाएगी. 17 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. इसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा तथा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी. मतदान 28 अप्रैल को सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक होगा. नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम क्षेत्रों में सुबह 7.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा. मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 29 अप्रैल को की जाएगी. मतगणना का स्थान और समय तहसीलदार द्वारा जिलाधिकारी की स्वीकृति से निर्धारित किया जाएगा. वहीं, चुनाव परिणामों की अधिसूचना जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा अधिकतम 6 मई तक जारी की जाएगी. उपजिलाधिकारी (सामान्य) मानसी पाटिल ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here