महाराजस्व समाधान शिविर का लाभ लें नागरिक : जिलाधीश प्रजीत नायर

0
207

गोंदिया. आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने और राजस्व प्रशासन को अधिक लोकाभिमुख तथा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार के राजस्व एवं वन विभाग द्वारा ‘छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर’ अभियान शुरु किया गया है. इस अभियान के तहत जिले में भी बड़े स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे.
इस संबंध में जिलाधिकारी प्रजीत नायर ने बताया कि जिले के कुल 41 मंडल स्तरों पर समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी. उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी. इस अवसर पर निवासी उपजिलाधिकारी भैयासाहेब बेहरे, उपजिलाधिकारी (सामान्य) मानसी पाटिल, उपविभागीय अधिकारी चंद्रभान खंडाईत, तहसीलदार समशेर पठान, अपर तहसीलदार श्रीकांत कांबले तथा तिरोडा तहसीलदार नारायण ठाकरे उपस्थित थे. जिलाधिकारी ने बताया कि गोंदिया जिले में विमुक्त एवं घुमंतू जनजातियों की बड़ी आबादी तांडा क्षेत्रों में रहती है. प्रशासन इन क्षेत्रों में जाकर लोगों को शिविरों का लाभदिलाने का प्रयास करेगा. इसके अलावा जिले में रहने वाले सिकलगार और नाथजोगी समाज के लोगों को भी इस अभियान के माध्यम से विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा.
इन समाधान शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इनमें प्रलंबित फेरफार प्रकरणों का निपटारा, 7/12 और 8-अ उतारों में सुधार व वितरण, आय, निवास, जाति तथा नॉन-क्रीमीलेयर प्रमाणपत्र जारी करने, अकृषिक संबंधी मार्गदर्शन, हिस्सेदारी वर्ग-2 जमीन को वर्ग-1 में बदलना, सामाजिक योजनाओं का लाभमंजूर करना, विद्यार्थियों को आवश्यक प्रमाणपत्र देना, ई-माप, एग्रीस्टैक और पीएम किसान योजना के लिए पंजीकरण जैसी सेवाएं शामिल हैं. गोंदिया तहसील में 7 मार्च को फूलचूर स्थित जलाराम लॉन तथा 14 मार्च को कुडवा के टी.बी. टोली ग्राउंड में मंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे. जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभउठाने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here