गोंदिया. राष्ट्रीय महामार्ग क्र. 53 पर देवरी पुलिस थाना क्षेत्र के शिरपूर परिसर में रविवार सुबह करीब 6 बजे लोहे की क्वाइल से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण हादसे में ट्रेलर चालक अमृतसर निवासी परमजीतसिंग सिन्हा (23) गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद महामार्ग परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा.
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर लोहे की क्वाइल लेकर नागपुर से रायपुर की ओर जा रहा था. शिरपूर परिसर स्थित सीमा जांच नाके के कारण इस परिसर में होटल और पेट्रोल पंपों की संख्या बढ़ गई है. इसके चलते राष्ट्रीय महामार्ग के किनारे दिन-रात बड़ी संख्या में भारी वाहन खड़े रहते हैं. प्राथमिक अनुमान के अनुसार, महामार्ग पर अचानक सामने आए अथवा सड़क किनारे खड़े वाहन के कारण ट्रेलर चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रेलर पलट गया. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही नरेंद्राचार्य संस्थान की एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची. घायल चालक को तत्काल देवरी ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया. शिरपूर परिसर स्थित सीमा जांच नाके के पास महामार्ग किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है. होटल और पेट्रोल पंप परिसर में अनियंत्रित पार्किंग गंभीर समस्या बनती जा रही है. नागरिकों का कहना है कि यह क्षेत्र अब दुर्घटनाओं के डेंजर जोन के रूप में सामने आ रहा है.
अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की मांग
महामार्ग के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े रहने वाले भारी वाहनों पर यातायात विभाग तत्काल नियंत्रण लगाए, अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे तथा भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करे, ऐसी मांग क्षेत्र के नागरिकों ने की है. महामार्ग पर बढ़ते हादसों के मद्देनजर संबंधित विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है, इस पर नागरिकों की नजरें टिकी हैं.



