भीमनगर-सिंगलटोली (चंद्रपुर रेललाइन) पर चल रहे अंडर पास कार्य को रुकवाया, काम शुरू किया तो रोकेंगे ट्रैन, करेंगे जनआंदोलन : अमित भालेराव

0
126

गोंदिया. नागपुर-रायपुर रेल लाइन एवं गोंदिया- चंद्रपुर रेल लाइन के बीच फंसे आंबेडकर वार्ड, सिंगलटोली, भीमनगर के निवासियों ने आज बडी संख्या में एकत्रित होकर चंद्रपुर लाइन पर रेलवे की मनमर्जी से चल रहे अंडरपास/सबवे के निर्माण कार्य को रुकवाकर ओवर ब्रिज की मांग पर जोर दिया। जनता की ओर से प्रतिनिधित्व करने सामने आए सामाजिक कार्यकर्ता अमितकुमार भालेराव ने कहा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिना जनता की सुख-सुविधा देखे मनमर्जी से कार्य कर रही है। अंडर पास निर्माण कार्य शुरू कर यहां की जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ये क्षेत्र नागपुर-रायपुर रेल लाइन एवं गोंदिया-चंद्रपुर रेललाइन के बीच फंसा बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है। क्षेत्र में स्कूल, डीएड-बीएड कॉलेज है एवं छोटे-मोटे उद्योग है।

भालेराव ने कहा, रेलवे ने पूर्व में नागपुर-रायपुर लाइन पर रेलवे क्रॉसिंग बंद कर कम हाइट का अंडर पास दिया है, जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। विद्यार्थियों के लिए स्कूल की बसे, आपातकालीन एम्बुलेंस, आवास निर्माण के लिए ट्रक, जेसीबी, बोरवेल मशीन, बिजली विभाग के वाहन आदि के आने में परेशानी हो रही है एवं इनका आवागमन अब सिर्फ भीमनगर रेलवे क्रॉसिंग से हो रहा है। ऐसे में अब चंद्रपुर रेल लाइन पर अंडर पास का निर्माण शुरू कर जनता पर अत्याचार, अन्याय करने का कार्य रेलवे कर रही है। अमित भालेराव ने आगे कहा, अगर रेलवे चंद्रपुर लाइन पर अंडर पास का निर्माण करती है तो ये क्षेत्र हर सुख-सुविधा से वंचित हो जाएगा। जनता पर अन्याय कर उसे मरने के लिए छोड़ने का प्रयास रेलवे कर रही है, जिसे हम कतई नहीं होने देंगे।
मौके पर पहुँचे रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर श्री मल्लिकार्जुन राव से भालेराव ने कहा, हमनें डीआरएम नागपुर मंडल, जिलाधिकारी गोंदिया को दो बार पत्र देकर इस अंडर पास के निर्माणाधीन कार्य को रुकवाने की मांग की है। साथ ही पत्र में ये भी उल्लेख किया है कि इस क्षेत्र में भरपूर जगह रेलवे के पास उपलब्ध है जहाँ रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण हो सकता है, फिर अंडर पास क्यों? उन्होंने तत्काल अंडर पास/सबवे कार्य को रुकवाने की मांग कर ओवर ब्रिज की मांग की। साथ ही चंद्रपुर लाइन पर गोंदिया स्टेशन से हिरडामाली तक डबलिंग कार्य को स्थगित कर सिंगल लाइन रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, रेलवे ने रेल ओवर रेल ब्रिज का निर्माण किया है, जो हिरडामाली से गोंदिया रेलवे स्टेशन तक डाउन लाइन का कार्य कर रही है। ऐसे में रेलवे को शहर के बीच अप सिंगल लाइन रखकर नागरिकों को सुविधा के साथ सहूलियत प्रदान करना चाहिए। जनता की बौखलाहट को देखते सीनियर सेक्शन इंजीनियर श्री मल्लिकार्जुन राव ने तत्काल अंडर पास निर्माण कार्य को रुकवा दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि, जल्द ही वे वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का मामला संज्ञान में लाएंगे एवं क्षेत्र के नागरिकों द्वारा भेजे गए पत्र को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही एक उच्च बैठक लेकर इसका समाधानकारक रास्ता निकालेंगे।
अमित भालेराव ने कहा, अगर रेल प्रशासन रोके गए अंडर पास कार्य को पुनः शुरू करने का प्रयास करता है तो, हमसब मिलकर उग्र रूप धारण कर हजारों की संख्या में आंदोलन करेंगे। जरूरत पड़ी तो ट्रैन रोको आंदोलन भी करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here