कपड़े की दुकान में भीषण आग, गणेशनगर की घटना

0
3

 दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू
गोंदिया. शहर के गणेशनगर में एलआईसी कार्यालय के बाजू स्थित आकाश रेडिमेड कपड़ों की दुकान में सोमवार, 9 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रु. का कपड़ा जलकर खाक हो गया. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉट सर्किट से दुकान की दूसरी मंजिल पर आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, गणेशनगर में एलआईसी कार्यालय के पास आकाश अनवानी की आकाश रेडिमेड नाम से थोक कपड़ों की दुकान है. दीपावली का त्योहार होने के कारण सोमवार को दुकान जल्दी बंद कर संचालक घर चले गए थे. इसी दौरान रात करीब 8.30 बजे शॉट सर्किट से दुकान की दूसरी मंजिल पर आग लग गई. इससे वहां रखे कपड़ों में आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. दुकान से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के नागरिकों ने तत्काल दुकान संचालक को सूचना दी. जानकारी मिलते ही आकाश अनवानी दुकान पहुंचे और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. लेकिन, तब तक दुकान में रखा लाखों रु. का कपड़ा जलकर खाक हो चुका था. दीपावली के दूसरे दिन हुई इस घटना से व्यापारियों में चिंता का माहौल है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here