मोबाइल दुकान में सेंधमारी करने वाली टोली का पर्दाफाश, 5 लाख रु. कीमत के 37 मोबाइल जब्त

0
4

गोंदिया. जिले की स्थानीय अपराध शाखा ने मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर 37 एंड्रॉइड मोबाइल फोन चोरी करने वाली टोली का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन विधि संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर उनके पास से चोरी किए गए सभी 37 मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जब्त मोबाइल की कुल कीमत 5 लाख 25 हजार रु. बताई गई है.
जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को गोरेगांव तहसील के मोहगांव बु. निवासी सोमेंद्र छगनलाल पटले (33) ने गोरेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर की रात 10 बजे से 7 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनकी मोबाइल दुकान के शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और विभिन्न कंपनियों के 37 एंड्रॉइड मोबाइल फोन चोरी कर लिए. इस मामले में गोरेगांव पुलिस ने मामला दर्ज किया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोंदिया गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई. 9 नवंबर को स्थानीय अपराध शाखा की टीम गोरेगांव और डुग्गीपार थाना क्षेत्र में आरोपियों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात सड़क अर्जुनी तहसील के म्हसवानी निवासी एक विधि संघर्षरत बालक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भंडारा जिले के साकोली तहसील अंतर्गत किन्ही/मोखे गांव पहुंचकर तीनों संदिग्ध विधि संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया. पूछताछ में उन्होंने गोरेगांव स्थित मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की. उन्होंने चोरी के मोबाइल स्कूल बैग में छिपाकर रखने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने पंचों की उपस्थिति में एक बालक के घर से स्कूल बैग में रखे विभिन्न कंपनियों के कुल 37 एंड्रॉइड मोबाइल हैंडसेट जब्त किए. इनकी कीमत 5 लाख 25 हजार रु. बताई गई है. जांच गोरेगांव पुलिस कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में की गई.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here